नई दिल्ली : चीनी आर्मी द्वारा अगवा भारतीय युवा की जल्द देश वापसी की संभावना है। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि भारतीय सेना और चीनी आर्मी के बीच इस संबंध में वार्ता हुई। जिसके सकारात्मक परिणाम रहे हैं। पीएलए ने रिहाई के लिए जगह का सुझाव दिया है।
उन्होंने ट्वीट किया कि पीएलए जल्द ही रिहाई की तारीख और समय के बारे में बता सकते हैं। देरी के लिए उनकी ओर से खराब मौसम की स्थिति को जिम्मेदार ठहराया गया है। मंत्री रिजिजू ने कहा था कि भारत ने अरुणाचल प्रदेश के लापता किशोर का विवरण पीएलए के साथ साझा किया है।
ताकि उनकी हिरासत में युवक की पहचान की पुष्टि की जा सके। जिसके बाद उन्होंने बताया कि भारतीय सेना द्वारा गणतंत्र दिवस के मौके पर चीनी आर्मी पीएलए के साथ हाटलाइन का आदान-प्रदान किया गया। पीएलए ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए हमारे नागरिक को सौंपने का संकेत दिया और रिहाई की जगह का सुझाव दिया।
गौरतलब है कि अरुणाचल प्रदेश के सियुंगला के लुंगटा जोर इलाके के रहने वाले 17 वर्षीय मिराम तारन के रूप में पहचाने जाने वाला युवक मंगलवार 18 जनवरी को कथित तौर पर लापता हो गया था। अरुणाचल प्रदेश से सांसद तापिर गाओ ने 19 जनवरी को कहा था कि चीनी सैनिकों ने राज्य में ऊपरी सियांग जिले से 17 साल के एक बच्चे का अपहरण कर लिया है। गाओ ने कहा था कि अपहृत किशोर की पहचान मिराम तरोन के रूप में हुई है।