नई दिल्ली : पूरे देश में आज दशहरे का त्योहार मनाया जा रहा है। बुराई पर अच्छाई की जीत के इस त्योहार के मौके पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) ने एक कार्यक्रम का आयोजन किया था l इजरायल के राजनयिक आरएसएस के विजयदशमी के कार्यक्रम में पहुंचे। नागुपर में हो रहे कार्यक्रम में इजरायल के राजनयिक कोब्बी शोशानी को मौजूद देखा गया।
दशहरे के मौके पर नागपुर स्थित आरएसएस के मुख्यालय में शस्त्र पूजन के कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान संघ के प्रमुख डॉ. मोहन भागवत मौजूद थे और साथ ही केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुंबई स्थित इजरायली महावाणिज्य दूत कोब्बी शोशानी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
गौरतलब है कि आरएसएस के 96वें स्थापना दिवस व विजयादशमी के अवसर पर संघ प्रमुख मोहन भागवत ने आज स्वयंसेवकों को संबोधित किया। शस्त्र पूजा के बाद उन्होंने कहा कि यह हमारी स्वतंत्रता का 75वां वर्ष है। 15 अगस्त 1947 को हम स्वाधीन हुए। हमें यह स्वाधीनता रातों रात नहीं मिली। स्वतंत्र भारत का चित्र कैसा हो इसके लिए देश के सभी क्षेत्रों से सभी जातिवर्गों से निकले वीरों ने तपस्या, त्याग और बलिदान के हिमालय खड़े किए। समाज की आत्मीयता व समता आधारित रचना के लिए सभी को प्रयास करने पड़ेंगे।
भागवत ने कहा कि आजादी के बाद विभाजन का दर्द मिला। विभाजन की टीस अब तक नहीं गई है। हमारी पीढ़ियों को इतिहास के बारे में जानना चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ी अपने आगे की पीढ़ी को बता पाएं कि देश के लिए बलिदानियों की आकाश गंगा चली आ रही है।





