असम, गुवाहाटी: असम व मिजोरम के बीच जहां सीमा विवाद को लेकर गतिरोध कायम है, वहीं असम व नगालैंड के बीच तनाव घटाने पर सहमति हो गई है। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि असम व नगालैंड के मुख्य सचिवों के बीच सीमावर्ती क्षेत्रों से अपने-अपने सुरक्षा बल हटाने पर रजामंदी हो गई। ये सुरक्षा बल तत्काल हटा दिए जाएंगे। सुरक्षा बल सीमावर्ती क्षेत्रों से अपने आधार शिविरों में लौट जाएंगे। उन्होंने ने इसे बड़ी कामयाबी बताया है।
गौरतलब है कि आज असम के शिक्षा मंत्री मंत्री डॉ. रोनेज पेगू ने असम- नागालैंड सीमा विवाद से जुड़े मसले पर नगालैंड सरकार के उपमुख्यमंत्री व अधिकारियों के साथ एक बैठक अयोजीत की।
उन्होंने दोनों पक्षों के साथ सीमा समस्या को लेकर एक समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए।नगालैंड के चुमुकुदिमा में आयोजित उक्त उच्चस्तरीय बैठक में दिसोइ वैली से असम व मारियानी से सटे नागाजंका से नगालैंड द्वारा सुरक्षा बल व सुरक्षा चौकी हटाने पर आम सहमति बन गयी।
वही मिजोरम सीमा में हुए तनाव व असम के छह अधिकारी के ऊपर मामला दर्ज करने को लेकर उन्होंने कहा कि इसे लेकर हमारे मुख्यमंत्री मिजोरम के मुख्यमंत्री से लगातार बातचीत कर रहे है।