महाराष्ट्र, मुंबई: महाराष्ट्र में प्रवेश से पहले वैक्सीन प्रमाण पत्र दिखाना जरूरी है, जबकि अगर कोई यात्री इसे नहीं दिखाता है तो उन्हें कोरोना की आरटी पीसीआर रिपोर्ट निगेटिव दिखाना अनिवार्य होगा। गौरतलब है कि कोरोना की मार झेल चुका महाराष्ट्र अब बेहद फूंक फूंककर कदम रख रहा है।
ऐसे में जब तीसरी लहर आशंका को लेकर बातें की जा रही हैं तो उसके मद्देनजर सरकार ने ये कदम उठाया है। दूसरी वैक्सीन की डोज लगे भी 14 दिन होना जरूरी है, वहीं 72 घंटे के भीतर की कोरोना निगेटिव आरटी पीसीआर रिपोर्ट रखना होगा दोनों में से किसी भी स्थिति को पूरा न होने की दशा में 14 दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया जाएगा। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि अगर किसी ने वैक्सीन भी नहीं लगवाई है और उनके पास निगेटिव रिपोर्ट भी नहीं है तो उसे 14 दिन तक अनिवार्य रूप से क्वारंटीन रहना होगा।
राज्य में कोरोना वायरस के डेल्टा स्वरूप से संक्रमित अब तक 66 मरीज मिले हैं और उनमें से पांच की मौत हो चुकी है। इन 66 मरीजों में से कुछ ने टीके की दोनों खुराक ले रखी थी। राज्य के विभिन्न हिस्सों से मरीजों के लिए गए नमूनों के जीनोम अनुक्रमण जांच में ये मामले आए। मुंबई में कोरोना वायरस के डेल्टा प्लस स्वरूप के संक्रमण से 63 वर्षीय महिला की मौत का पहला मामला सामने आया है।डेल्टा प्लस स्वरूप के सबसे ज्यादा 13 मामले उत्तरी महाराष्ट्र के जलगांव से आए हैं। वहीं रत्नागिरि से 12 और मुंबई से 11 मामले आ चुके हैं।





