उत्तराखंड, उत्तरकाशी : आम आदमी पार्टी (आप) पार्टी ने गंगोत्री विधान सभा सीट से कर्नल अजय कोठियाल को प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा की है। आज यहां आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि गंगोत्री के मतदाताओं को एक अच्छा विकल्प मिला है। कोठियाल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि देश की राजनीति में एक मानक स्थापित करेंगे।
उन्होंने कहा कि वह गंगोत्री विधान सभा सीट के लोगों के लिए वह एक खुशखबरी लेकर आए हैं। आप ने तय किया कि गंगोत्री विधान सभा सीट से कर्नल अजय कोठियाल प्रत्याशी होंगे। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी के लोगों के लिए कर्नल का नाम परिचय का मोहताज नहीं है। यहां के बच्चे-बच्चे के दिल से कर्नल जुड़े हुए हैं। वे जिस समय राजनीति में भी नहीं थे, उस वक्त भी उन्होंने उत्तराखंड व गंगोत्री के लोगों के लिए निस्वार्थ रूप से काम किया है।
गंगोत्री के लोगों ने कभी भाजपा तो कभी कांग्रेस पर भरोसा जताया है। लेकिन दोनों पार्टियों ने यहां के लोगों को दुखी किया है। दोनों पार्टियों ने लोगों को ठगा है। लोग छला हुआ महसूस कर रहे हैं। लोग विकल्प का इंतजार कर रहे हैं। यहां के लोगों के पास विकल्प नहीं था। पत्रकार वार्ता में कर्नल अजय कोठियाल, कर्नल सुनील कोटनाला, राजीव चौधरी पुष्पा चौहान आदि मौजूद थे।