महाराष्ट्र, मुंबई : सुर कोकिला और भारत रत्न लता मंगेशकर भी कोरोना संक्रमित हो गई हैं। उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती किया गया है। अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक उन्हें हलके लक्षण है। इसके बावजूद उन्हें घर के नजदीक स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों का यह भी कहना है कि उन्हें उम्र संबंधी भी समस्याएं हैं, जिसका इलाज किया जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी उन्हें नवंबर 2019 में सांस लेने में तकलीफ होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जाता है कि उनकी स्वास्थ्य पर नजर रखने के लिए चिकित्सकों की एक विशेष टीम लगाई गई है। फिलहाल वो एकदम ठीक हैं। उनकी हालत स्थिर है। सूत्रों ने बताया कि जैसे ही उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई, उनके पारिवारिक चिकित्सक प्रतीत की सलाह पर उन्हें एहतियात अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में आज सुबह ही भर्ती कराया गया है।
2 दिन पूर्व उनका कोरोना का टेस्ट हुआ था। उन्हें निमोनिया हो गया है। डॉ. प्रतीत समदानी के नेतृत्व में गठित मेडिकल टीम उनका इलाज कर रही है। इस बीच लता मंगेशकर के अस्पताल में भर्ती होने की खबर आने के बाद सोशल मीडिया में दुआओं और प्रार्थनाओं का दौर शुरू हो गया है। सभी अपने अपने स्तर पर उनकी जल्द स्वस्थ होने और लंबी उम्र के लिए प्रार्थनाएं कर रहे हैं।
गौरतलब है कि अपने सात दशक के लंबे सफर में लता मंगेशकर ने विभिन्न भाषाओं में 30 हजार से अधिक गीत गाए हैं। वर्ष 2001 में उन्हें भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न दिया गया था। उन्हें साल 1989 में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।