नई दिल्ली : लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे अगले भारतीय सेना प्रमुख होंगे। सरकार ने उनकी नियुक्ति पर मुहर लगा दी है। वे इस पद पह पहुंचने वाले पहले इंजीनियर अफसर हैं। मनोज मुकुंद नरवणे के बाद लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे ही थलसेना में सबसे वरिष्ठ अधिकारी थे। मौजूदा वक्त में जनरल मनोज पांडे उप सेना प्रमुख हैं। वह जनरल नरवणे की जगह लेंगे, जो इस माह के आखिर में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। रक्षा अधिकारियों ने बताया कि सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे को अगले सेनाध्यक्ष के रूप में नियुक्त करने का फैसला किया है।
जनरल मनोज पांडे पहली मई को 29वें सेना प्रमुख के तौर पर पदभार ग्रहण करेंगे। जनरल मनोज मुकुंद नरवणे 30 अप्रैल को अपना 28 महीने का कार्यकाल पूरा करने वाले हैं। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र पांडे को दिसंबर 1982 में कोर आफ इंजीनियर्स में कमीशन किया गया था। लेफ्टिनेंट जनरल पांडे ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के साथ पल्लनवाला सेक्टर में आपरेशन पराक्रम के दौरान एक इंजीनियर रेजिमेंट की कमान संभाली थी।
मौजूदा वक्त में वह जनरल एमएम नरवणे के बाद सबसे वरिष्ठ अफसर हैं। वैसे हेलीकाप्टर हादसे में देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन के बाद से अभी तक प्रमुख रक्षा अध्यक्ष का पद भी रिक्त है। अगला अगला चीफ आफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) कौन होगा इस पर फैसला नहीं हो पाया है।