उत्तर प्रदेश, लखनऊ : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जनता से भाजपा को हराने के लिए सपा का समर्थन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के झूठे वादों पर भरोसा मत कीजिए। सपा का समर्थन कर भाजपा को सत्ता से हटाइए। उन्होंने तीन मार्च को वाराणसी भी जाने का वादा किया। ममता बनर्जी व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा कार्यालय से जनता को वर्चुअली संबोधित किया।
इस मौके पर मंच पर मौजूद अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को हराने के लिए पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन हरा नहीं सके। ममता दीदी समाजवादी पार्टी का समर्थन करने के लिए कोलकाता से लखनऊ आ गई हैं पर दिल्ली वाले कहते हैं मौसम खराब है इसलिए उत्तर प्रदेश नहीं आ सकते हैं।गौरतलब है कि सपा ने आज 10 उम्मीदवारों की एक सूची जारी की है।
जिसमें बस्ती, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, मऊ, बलिया और चंदौली की सीटों के उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य में 10 फरवरी से 7 चरणों में मतदान होना है। इसके बाद 14 फरवरी को दूसरा, 20 फरवरी को तीसरा, 23 फरवरी को चौथा, 27 फरवरी को 5वां, 3 मार्च को 6वां चरण होगा। आखिरी चरण के लिए 7 मार्च को मतदान होगा। नतीजे 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे।