त्रिपुरा, अगरतला : राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में माणिक साहा का चयन किया गया है। भाजपा आलाकमान के निर्देश पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद माणिक साहा की प्रदेश के नए मुखिया के तौर पर नियुक्ति हो गई है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले त्रिपुरा में यह बड़ा फेरबदल माना जा रहा है। साहा बिप्लब कुमार देब की जगह लेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले त्रिपुरा में बिप्लब कुमार देब ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया। माना जा रहा है कि उन्हें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की कमान दी जा सकती है। माणिक साहा के नए मुख्यमंत्री बनने से एक बात साफ हो गई है कि भाजपा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में साहा के चेहरे पर चुनाव लड़ेगी। वहीं दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने ट्वीट किया। उन्होंने अपने ट्विटर पर लिखा कि माणिक साहा को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई। मुझे विश्वास है कि माननीय प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और आपके नेतृत्व में, त्रिपुरा विकास के मामले में नई ऊंचाइयों को छुएगा।
बिप्लब देब ने भी साहा को भाजपा विधायक दल का नेता बनने पर बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया विधायक दल के नेता के रूप में चुने जाने पर माणिक साहा जी को बधाई और शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री जी की दूरदर्शिता और नेतृत्व में त्रिपुरा समृद्ध होगा।
गौरतलब है कि त्रिपुरा की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए अगले साल चुनाव होंगे। भाजपा 2018 में राज्य में वाम मोर्चा सरकार के 25 साल लंबे शासन को खत्म करके सत्ता में आई थी। इस बार उसे तृणमूल कांग्रेस से चुनौती का सामना करना पड़ रहा है, जिसने पिछले साल हुए निकाय चुनावों में तीसरा सबसे बड़ा वोट प्रतिशत हासिल किया था।