राजस्थान, जयपुर : राजस्थान की राजनीति में उस वक्त एक नया मोड़ आ गया है, जब मंत्रिमंडल की बैठक खत्म होते ही सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया। बताया जाता है कि यह कदम कल होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार के मद्देनजर उठाया गया है। खबरों के मुताबिक कल दोपहर बाद नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
गौरतलब है कि आज शाम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक हुई और इसके बाद सामूहिक रूप से इस्तीफा देने की घोषणा की गई। इसकी पुष्टि राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों को कल दोपहर 2 बजे पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बुलाया गया है।
उसके बाद का कार्यक्रम गहलोत व पार्टी के प्रदेश प्रभारी अजय माकन तय करेंगे। सूत्रों के मुताबिक नए शपथ ग्रहण समारोह कल ही हो सकती है। वैसे भी गहलोत सरकार अगले महीने अपने कार्यकाल के 3 साल पूरे करने जा रही है।
ऐसे में राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो मंत्रिमंडल पुनर्गठन में सचिन पायलट खेमे के विधायकों के साथ-साथ पिछले साल राजनीतिक संकट में सरकार का साथ देने वाले विधायकों की अपेक्षाओं को पूरा करने की चुनौती पार्टी आलाकमान पर रहेगी।





