असम, गुवाहाटी: राज्य के नवगठित उग्रवादी संगठन यूनाइटेड लिबरेशन फॉर बोडोलैंड (यूएलबी) के नौ कैडरों को आज पुलिस ने राज्य के बाक्सा जिले से गिरफ्तार किया। राज्य के विशेष पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था जीपी सिंह ने एक ट्वीट के जरिए इन गिरफ्तारियों की जानकारी दी।
उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि असम पुलिस ने बीटीआर जिलों से यूएलबी के 9 कैडरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों के पास से भारी मात्रा में आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए। इन दस्तावेजों में विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के नाम लिखे डिमांड नोट भी शामिल है। उन्होंने आगे बताया कि बरामद किए गए दस्तावेजों में उग्रवादी संगठन के कैडरों की फेहरिस्त भी है। उन्होंने कहा कि यूएलबी के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि गत 17 सितंबर को अलग बोडोलैंड की मांग के समर्थन में इस उग्रवादी संगठन का गठन किया गया था। अपने गठन के समय संगठन की ओर से कहा गया था कि वे असम को आधा-आधा बांटने के पक्षधर हैं।