महाराष्ट्र, मुंबई : टेलीविजन के मशहूर धार्मिक सीरियल रामायण में भगवान श्रीराम के मित्र निषाद राज का किरदार निभाने वाले अभिनेता चंद्रकांत पंड्या का निधन हो गया है। चंद्रकांत के निधन के बारे रामानंद सागर के सीरियल रामायण में देवी सीता की भूमिका में नजर आईं अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी।
उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अभिनेता चंद्रकांत की तस्वीर शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अभिनेता के निधन की खबर सामने आते ही सीरियल रामायण से जुड़े सभी कलाकार और दर्शक शोक व्यक्त कर रहे हैं। चंद्रकांत के निधन पर उनकी एक तस्वीर शेयर करते हुए एक्ट्रेस दीपिका ने कैप्शन में लिखा- आपकी आत्मा को शांति मिले चंद्रकांत पंड्या, रामायण के निषाद राज। वहीं रामायण में भगवान राम का किरदार करने वाले अभिनेता अरुण गोविल ने भी चंद्रकांत के निधन पर शोक व्यक्त किया।
चंद्रकांत पंड्या गुजरात के बनासकांठा जिले के भीलड़ी गांव के रहने वाले थे। उनका जन्म 1 जनवरी 1946 में एक व्यवसायी परिवार में हुआ था। चंद्रकांत के पिता एक व्यापारी थे, जो गुजरात से आकर मुंबई में बस गए थे। इसके बाद चंद्रकांत का बचपन और उनकी पढ़ाई मुंबई में ही पूरी हुई। चंद्रकांत ने कई फिल्मों में काम किया था। जिनमें सबसे प्रमुख हैं प्रेम लग्न, प्यार हो गया, परिवार ना पंख और होते होते प्यार होगा। 2017 में रिलीज़ गुजराती ड्रामा फिल्म समय चक्र भी शामिल है। उन्हें पहला ब्रेक गुजराती फिल्म ‘कडू मकरानी’ से मिला था।