नई दिल्ली: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जद (यू) नेता के सी त्यागी की इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला से हरियाणा के गुरुग्राम स्थित उनके आवास पर हुई मुलाकात के बाद से ही सियासी अटकलों का दौर शुरू हो गया है।
भाजपा की सहयोगी जनता दल (यूनाइटेड) के नेताओं ने 86 वर्षीय इनेलो प्रमुख से ऐसे समय मुलाकात की है, जब वह राष्ट्रीय स्तर पर तीसरे मोर्चे की गठन की कवायद तेज हो गई है। इसकी जानकारी आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर देते हुए इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार और जद(यू) महासचिव त्यागी ने चौधरी ओमप्रकाश चौटाला से गुरुग्राम स्थित उनके आवास पर मुलाकात की तथा उनका कुशलक्षेम जानने के साथ ही राजनीतिक मामलों पर चर्चा की।
गौरतलब है कि दरअसल नीतीश कुमार और केसी त्यागी ने पूर्व में ओमप्रकाश चौटाला के पिता एवं पूर्व उपप्रधानमंत्री दिवंगत देवीलाल के साथ काम किया था।वहीं इससे पहले ओमप्रकाश चौटाला ने पिछले सप्ताह कहा था कि आज की सबसे बड़ी आवश्यकता केंद्र की जनविरोधी और किसान विरोधी सरकार से मुक्ति पाने की है। केंद्र में भाजपा नीत सरकार है तथा बिहार में जद(यू) और हरियाणा में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के साथ उसकी गठबंधन सरकार है।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह 25 सितंबर को देवीलाल की जयंती से पहले विपक्ष के नेताओं से मिलने की कोशिश करेंगे और उनसे एक मंच पर आने का आग्रह करेंगे। ऐसे में ये देखना अहम होगा कि ओम प्रकाश चौटाला की तीसरा मोर्चे को तैयार करने की कोशिश कहां तक कामयाब हो सकती है।
नीतीश कुमार से हुई मुलाकात पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ओम प्रकाश चौटाला ने कहा कि जब दो राजनीतिक नेता साथ बैठते हैं तो राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होना स्वाभाविक है। यह कोई नई बात नहीं है।





