मध्यप्रदेश, भोपाल : मध्य प्रदेश में कोरोना की संभावित तीसरी लहर को लेकर सरकारी सख्ती भी बढ़ा दी गई है। राज्य में अगले तीन दिन तक नो मास्क नो मूवमेंट अभियान चलाया जाएगा। पुलिस बिना मास्क वाले लोगों को रोकेगी। उन्हें समझ आएगी। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश में कोरोना नियंत्रित है। इसी वजह से हमने तय किया है कि मास्क के प्रति जनता को जागरूक करने के लिए प्रदेश पुलिस नो मास्क-नो मूवमेंट अभियान चलाएगी।
तीन दिन चलने वाले इस अभियान में पुलिसकर्मी लोगों से मास्क लगाने की अपील करेंगे। उन्होंने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे में 12 नए केस मिले हैं। वहीं, 24 घंटे में 8 मरीज ठीक होकर अपने-अपने घर जा चुके हैं। इस समय प्रदेश में 128 एक्टिव केस हैं। इन्फेक्शन रेट भी 0.02 प्रतिशत तक पहुंच गया है। रिकवरी दर 98.6 प्रतिशत बनी हुई है। विदेश से आए लोगों की कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग के मुद्दे पर डॉ. मिश्रा ने कहा कि किसी स्तर पर भ्रम फैला है।
विदेश से लोग आते हैं तो दिल्ली-मुंबई के रास्ते आते हैं। लोकल फ्लाइट से इंदौर पहुंचते हैं। केंद्र विदेश से भारत आने वाले यात्रियों की सूची जारी करती है। कई लोग इंदौर आकर आसपास के जिलों में पहुंच जाते हैं। हमारे पास सबके नाम-पते हैं। अब तक 70 लोगों की पहचान की गई है। बाकी लोगों से भी संपर्क हो जाएगा। यह कोई कठिन काम नहीं है।






