असम, सिलचर: अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष, पूर्व सांसद व बराक घाटी में पार्टी का चेहरा रही सुष्मिता देव ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। सोनिया गांधी को संबोधित अपने त्यागपत्र में उन्होंने लिखा कि वे पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही है।
पार्टी के साथ अपने तीन दशकों के साथ को याद करते हुए उन्होंने अपने इस्तीफे में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में अपनी नई पारी के लिए सोनिया गांधी का आशीर्वाद भी मांगा।
असम में पहले से ही झंझावतों से गिरी कांग्रेस के लिए सुष्मिता देव का त्यागपत्र किसी बड़े झटके से कम नहीं है।
उधर कयास लगाए जा रहे हैं कि सुष्मिता देव जल्द ही तृणमूल कांग्रेस ज्वाइन करेंगी। आज उनकी कोलकाता में तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी के साथ मुलाकात तय है। उल्लेखनीय है कि असम में कांग्रेस की नाव को डूबते देख तृणमूल यहां तेजी से पैर पसारने की कवायद में जुटी है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के कई और नेता भी टीएमसी के संपर्क में है और जल्द ही पाला बदल सकते हैं।





