मिजोरम, आइजोल : मिजोरम के थेंजॉल शहर में आज सुबह 5.15 पर भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.1 मापी गई। भूकंप के झटके त्रिपुरा, मणिपुर, असम के साथ पश्चिम बंगाल में कोलकाता और बांग्लादेश के चिटगांव में भी महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सेस्मोलॉजी के मुताबिक भारत- म्यांमार सीमा पर आज सुबह भूकंप के महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र बांग्लादेश के चिटगांव से 183 किमी पूर्व में था।
सुबह 5.23 बजे दूसरे भूकंप की भी जानकारी सामने आई है। यूरोपियन मेडिटेरेनियन सेस्मोलॉजिकल सेंटर (ईएमएससी) ने भी अपनी वेबसाइट पर इसकी जानकारी दी। थेंजॉल के एक शख्स ने इस वेबसाइट पर लिखा कि सबसे लंबे भूकंप के झटकों में से एक था।ईएमएससी की वेबसाइट पर थेंजॉल के एक निवासी ने लिखा कि, उसने ऐसे झटके कभी नहीं महसूस किए। 20 नवंबर को गुवाहाटी और असम के अन्य हिस्सों में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप दिन में 1.12 बजे आया था। भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किमी नीचे पाया गया था।





