हरियाणा, चंडीगढ़ : हरियाणा के सोनीपत में कुंडली बॉर्डर पर युवक की बर्बर तरीके से हत्या करने के एक आरोपी निहंग सर्वजीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीन कृषि कानूनों को रद्द कराने की मांग को लेकर चल रहे धरना स्थल की मुख्य स्टेज के पीछे आज बैरिकेड पर एक व्यक्ति का शव बंधा मिला था।
उसकी नृशंस तरीके से पिटाई करने के साथ ही दाहिना हाथ काटकर मारा गया था। उसे घसीटा भी गया था। मृतक की पहचान पंजाब के तरनतारन जिले के गांव चीमा खुर्द निवासी 35 वर्षीय लखबीर सिंह पुत्र हरनाम सिंह के तौर पर हुई है। वह तीन बेटियों का पिता था। फिलहाल उसकी पत्नी बेटियों सहित लखबीर से अलग रह रही है। पता लगा है कि लखबीर सिंह जब 6 माह का था तो हरनाम सिंह ने उसे गोद लिया था, जबकि रिश्ते में हरनाम सिंह उसके फूफा हैं।
गौरतलब है कि कल रात को दिल्ली-हरियाणा के सिंघु बार्डर पर कुछ लोगों ने एक अनजान व्यक्ति का दाहिना हाथ काट कर मार दिया। इसके बाद शव को किसानों के धरना स्थल के पास ले जाकर बैरिकेड पर लटका दिया। कहा जा रहा है कि युवक की हत्या बृहस्पतिवार रात को ही की गई, उसके बाद आज सुबह 5:30 बजे संयुक्त किसान मोर्चा की मुख्य स्टेज के पास करीब 100 मीटर घसीट कर निहंगों के ठिकाने यानी फोर्ड एजेंसी के पास शव को लाया गया। इसके बाद सुबह 6:00 बजे शव को लटकाया गया है, ताकि लोग देख सकें।