असम, गुवाहाटी : अर्जेंटीना के दिवंगत दिग्गज फुटबॉलर डिएगो मैराडोना की घड़ी असम से बरामद की गई है। इसकी जानकारी असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर दी। असम पुलिस ने दुबई पुलिस के साथ मिलकर असम के चराईदेव जिले से मैराडोना की चोरी हुई घड़ी को बरामद कर लिया है और वाजिद हुसैन नाम के शख्स को इस सिलसिले में गिरफ्तार किया है।
असम के पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत ने बताया कि फुटबॉलर डिएगो मैराडोना की हुब्लोट कंपनी की घड़ी को बरामद कर लिया है। यह घड़ी दुबई से चोरी हुई थी। इसकी कीमत करीब 19 लाख बताई जा रही है। दुबई पुलिस ने भारतीय संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के माध्यम से इस मामले में समन्वय स्थापित किया था। इसके बाद असम पुलिस ने कारवाई की।
गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से असम के शिवसागर जिले का रहने वाला है। वह दुबई में उस कंपनी में सिक्योरिटी का काम करता था, जहां मैराडोना से संबंधित समानों को संग्रह करती है। वह अगस्त 2021 में भारत वापस आया था। उन्होंने बताया कि पुलिस को खुफिया सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके तहत एक ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने वाजिद हुसैन को मोरनहाट इलाके में उसके ससुराल से गिरफ्तार किया है।
वहीं शिवसागर जिले के पुलिस अधीक्षक राकेश रोशन ने बताया कि गिरफ्तार शख्स दुबई में काम करता था और अगस्त 2021 में भारत वापस आया था। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उन्हें खुफिया सूचना प्राप्त हुई थी जिसके तहत हमने एक अभियान के दौरान पुलिस ने वाजिद हुसैन को मोरनहाट इलाके में उनकी ससुराल के घर से गिरफ्तार किया और दिग्गज फुटबॉलर डिएगो माराडोना की लिमिटेड एडिशन हुब्लोट घड़ी भी बरामद की।






