जम्मू-कश्मीर, कुलगाम : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में एक आतंकी को मार गिराया है। इससे पूर्व जिले में हुई दो मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने पांच आतंकवादियों को ढेर किया था।अशमुजी इलाके में मारे गए आतंकवादी की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। जिले में सुरक्षा बलों के साथ हुईं दो अलग-अलग मुठभेड़ों में द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के कमांडर अफाक सिकंदर समेत पांच आतंकवादी मारे गए थे।
पुलिस ने बताया था कि दक्षिण कश्मीर जिले के पोम्बे और गोपालपुरा इलाकों में ये मुठभेड़ हुई थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर में कुलगाम के गोपालपुरा इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में विशेष सूचना मिलने पर घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों द्वारा सुरक्षा बलों के दल पर गोलीबारी किये जाने के बाद तलाशी अभियान मुठभेड़ में बदल गया। अधिकारी ने कहा कि मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर) विजय कुमार ने कहा कि मारे गए दो आतंकवादियों में से एक प्रतिबंधित संगठन टीआरएफ का कमांडर था।






