असम, गुवाहाटी : असम की दो प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म श्री पुरस्कार मिलेगा। केंद्र सरकार की ओर से जारी सूची के अनुसार सामाजिक कार्यकर्ता शकुंतला चौधरी और साहित्यकार धनेश्वर एंगती को प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया है। विशेष रूप से असम की एक प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता शकुंतला चौधरी ने गुवाहाटी के कस्तूरबा आश्रम में पर्यवेक्षक के रूप में कार्य किया। उन्होंने महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण की दिशा में काम किया है। वह भारत सरकार की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार 2021 जीत चुकी हैं।
वहीं दूसरी ओर असम के कार्बी आंगलोंग के प्रख्यात लेखक और गीतकार धनेश्वर एंगती को कार्बी साहित्य और संगीत में उनके योगदान के लिए जाना जाता है। वह 2017 में प्रतिष्ठित क्रिस्टीनंदन साहित्य पुरस्कार विजेता भी हैं। इस बीच असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने उन्हें ट्विटर पर बधाई दी। उन्होंने लिखा प्रतिष्ठित पद्मश्री पुरस्कार 2022 के लिए प्रख्यात साहित्यकार धनेश्वर एंगती के चयन की खबर से प्रसन्नता हुई।
कार्बी साहित्य और संगीत के प्रति उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों द्वारा हमेशा संजोया जाएगा। उन्होंने आगे ट्वीट किया प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता शकुंतला चौधरी को पद्मश्री पुरस्कार 2022 के लिए चयन पर हार्दिक बधाई। उन्होंने अपना पूरा जीवन मानव सेवा के लिए समर्पित कर दिया है। पद्म पुरस्कार समाज के प्रति उनके योगदान के लिए एक उचित श्रद्धांजलि है। मेरी ओर से उसे ढेर सारी शुभकामनाएं। गौरतलब है कि भारत रत्न, पद्म विभूषण, पद्म भूषण के बाद पद्मश्री देश का चौथा सर्वोच्च नागरिक पुरुस्कार है ।





