उत्तर प्रदेश, ग्रेटर नोएडा : राज्य के पांचवें अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में जेवर हवाई अड्डे का शिलान्यास 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंग। इस शिलान्यास की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम जेवर पहुंचेंगे।
गौतमबुद्ध नगर के जेवर में बनने जा रहा नोएडा राष्ट्रीय हवाई अड्डा योगी आदित्यनाथ सरकार की अहम बुनियादी परियोजनाओं में से एक है। अधिकारियों का कहना है कि हवाई अड्डा के शिलान्यास कार्यक्रम में करीब तीन लाख लोगों के जुटने की उम्मीद है। इस समारोह को ध्यान में रखते हुए रोही गांव में चार हेलिपैड, नौ पार्किंग की जगहें, 30 गेट और प्रर्दर्शनी एवं वीआईपी लाउंज बनाए गए हैं।
वाईआईडीए के सीईओ अरुण वीर सिंह ने कहा शिलान्यास कार्यक्रम का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 नवंबर को रोही गांव का दौरा करेंगे। वह तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक भी करने वाले हैं। हमारी तैयारी इस समारोह को भव्य रूप देने की है।
यहां पर कार्य करीब 60 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। सरकार का कहना है कि जेवर में बनने वाला यह हवाई अड्डा राज्य का पांचवा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा। राज्य में 2012 तक केवल दो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे थे, जब लखनऊ के बाद वाराणसी को यह गौरव प्राप्त हुआ था।
20 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन के बाद कुशीनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा शुरू हुआ, जबकि अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का काम प्रगति पर है, जहां हवाई सेवाएं अगले साल की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है।






