नई दिल्ली : अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम का आज स्थापना दिवस है। दोनों राज्यों का गठन 20 फरवरी 1987 को हुआ था। इसी के साथ यह दोनों भारत के 23वें और 24वें राज्य बने थे। आज के इस अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों राज्यों के लोगों को बधाई दी, साथ ही दोनों राज्यों की प्राकृतिक सुंदरता और लोगों की शानदार प्रतिभा की सराहना की। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लोगों को बधाई देते हुए अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से संपन्न, दोनों राज्य विविधता में एकता की मिसाल पेश करते हैं।
‘ उन्होंने आगे कहा मैं चाहता हूं कि दोनों राज्य प्रकृति के साथ तालमेल बिठाते हुए विकास में तेजी से आगे बढ़ें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के स्थापना दिवस पर लोगों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा राज्य के लोग अपनी शानदार प्रतिभा और मेहनती स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। आने वाले समय में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छुए।’ साथ ही उन्होंने मिजोरम के लोगों से कहा भारत को जीवंत मिजो संस्कृति और राष्ट्रीय प्रगति में मिजोरम के योगदान पर बहुत गर्व है। मैं मिजोरम के लोगों के अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रार्थना करता हूं।
साथ ही अरुणाचल प्रदेश के स्थापना दिवस पर मोदी ने भारत रत्न भूपेन हजारिका द्वारा लिखित एक गीत अरुणाचल हमारा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह गीत हर अरुणाचलवासी को बहुत पसंद है। कोई भी समारोह इस गीत के बिना पूरा नहीं होता, इसलिए उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के स्थापना दिवस पर इस गीत कि कुछ पंक्तियों का पाठ किया। गौरतलब है कि मिजोरम संविधान के 53वें संशोधन (वर्ष 1986) में 20 फरवरी 1987 को भारतीय संघ का 23वां राज्य बना था। इसी तरह भारतीय संविधान में 55वें संशोधन (वर्ष 1986) में अरुणाचल प्रदेश 20 फरवरी 1987 को भारतीय संघ का 24वां राज्य बना था।