उत्तराखंड, देहरादून: उत्तराखंड के 11वीं मुख्यमंत्री के रूप पुष्कर सिंह धामी कमान संभालेंगे। कुमाऊं क्षेत्र के खटीमा विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे पुष्कर के नाम का ऐलान पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने किया।
उन्होंने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। गौरतलब है कि संवैधानिक संकट को लेकर निवर्तमान मुख्यमंत्री रावत ने कल रात 11 बजे राज्यपाल बेबीरानी मौर्य को इस्तीफा सौंपा था। मुख्यमंत्री के त्यागपत्र दिए जाने के बाद में नए नेता के चयन को लेकर आज अपराहन 3 बजे से विधायक दल की बैठक हुई और पुष्कर के नाम पर मुहर लग गई।
केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर होने वाली इस बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रुप में कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर एवं प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम उपस्थित थे। राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में 4 नाम सामने आ रहे हैं, जिनमें सतपाल महाराज, रेखा खंडूरी, पुष्कर सिंह धामी और धन सिंह रावत शामिल हैं। वे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के करीबी माने जाते हैं।
धामी पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोशियारी के ओएसडी रहे हैं। उनके राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से भी नजदीकियां हैं। 45 वर्षीय पुष्कर युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। 16 सितंबर 1975 को पिथौरागढ़ के डीडी हाट तहसील के टुंडी गांव में जन्मे पुष्कर के पिता पिता सेना में थे। उन्होंने मानव संसाधन प्रबंधन और औद्योगिक संबंध विषय में मास्टर डिग्री ली है।
उन्होंने वकालत भी पास की है। उन्होंने अपनी राजनीतिक करियर की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) से की थी। साल 1990 से 1999 तक जिले से लेकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक वह विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे। वे 2002 से 2008 तक दो बार युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष भी रहे।