नई दिल्ली : वाइस एडमिरल आर हरि कुमार अगले नौसेना प्रमुख होंगे। वे अभी पश्चिमी नौसैन्य कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ हैं। रक्षा मंत्रालय ने यह घोषणा की। गौरतलब है कि फिलहाल नौसेना की कमान एडमिरल कर्मबीर सिंह के हाथों में हैं।
उनके सेवानिवृत्त होने के बाद वह नौसेना की कमान 30 नवंबर को संभालेंगे। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सरकार ने पश्चिमी नौसैन्य कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ वाइस एडमिरल आर हरि कुमार को अगला नौसेना प्रमुख नियुक्त किया है। यह आदेश 30 नवंबर को दोपहर बाद से प्रभाव में आएगा।
नौसेना में करीब 39 वर्ष के लंबे और उल्लेखनीय कार्यकाल में वाइस एडमिरल कुमार ने कई जिम्मेदारियां संभालीं। 12 अप्रैल 1962 को जन्मे कुमार को एक जनवरी 1983 को भारतीय नौसेना की कार्यकारी शाखा में कमीशन किया गया था। करीब 39 सालों की अपनी लंबी और विशिष्ट सेवा के दौरान उन्होंने विभिन्न कमांड, स्टाफ और निर्देशात्मक नियुक्तियों में काम किया है।
इसके अलावा कुमार ने भारतीय नौसेना के विमानवाहक पोत आईएनएस विराट की कमान भी संभाली। उन्होंने पश्चिमी बेड़े के बेड़ा संचालन अधिकारी के रूप में काम किया है। पश्चिमी नौसेना कमान के एफओसी-इन-सी के रूप में कार्यभार संभालने से पहले, वह मुख्यालय आईडीएस की एकीकृत स्टाफ समिति के प्रमुख थे।