नई दिल्ली : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज रेचल के साथ परिणय सूत्र में बंध गए। दिल्ली के साकेत स्थित मीसा भारती के सैनिक फार्म हाउस पर समारोह संपन्न हुआ। पहले दोनों की सगाई हुई। उसके बाद परिवार के समक्ष तेजस्वी एवं रेचल ने अग्नि के सात फेरे लिए। कार्यक्रम में पिता लालू प्रसाद यादव, मां राबड़ी देवी, बहन मीसा भारती, भाई तेजप्रताप यादव और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी पत्नी डिंपल के साथ शामिल हुए।
गौरतलब है कि दोनों नव दंपत्ति बचपन के दोस्त हैं। करीब 7 साल पहले वो एक-दूसरे के करीब आए। रेचल चंडीगढ़ के व्यवसायी की बेटी हैं और हरियाणा की रहने वाली हैं। इस शादी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थीं। कहा तो यहां तक जा रहा है कि लालू यादव खुद इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। शायद इसी वजह से उन्होंने अपने कई करीबियों को भी शादी में शरीक होने का न्योता तक नहीं दिया था। शादी इतनी गोपनीय तरीके से हो रही है कि एक दिन पूर्व तक किसी को शादी की खबर तक नहीं थी।
हालांकि, इस बात की भी चर्चा है कि होने वाली लालू की बहू हिंदू नहीं हैं, इसलिए वे नाराज थे। उल्लेखनीय है कि तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्या ने ट्वीट कर लिखा था भाई के सिर पर सेहरा है सजने वाला खुशियों से गुलजार घर का आँगन है होने वाला है। रोहिणी आज कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाईं। हालांकि उन्होंने ट्वीट कर तेजस्वी एवं रेचल को बधाई दी। उल्लेखनीय है कि तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी रेचल की दोस्ती बचपन की है।
दोनों साथ में डीपीएस आरके पुरम में पढ़ते थे। वहीं, 2014 से करीब आ गए थे। दोस्ती प्यार में बदली और आज दोनों एक-दूसरे के हो गए। तेजस्वी लालू-राबड़ी के सबसे छोटे संतान हैं। इसलिए दुलारे भी हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उन्हें माता-पिता को शादी के लिए मनाने में काफी समय लग गया।





