नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गरीबी के मुद्दे को उठाते हुए सरकार को निशाने पर ले लिया। राहुल ने आरोप लगाया कि देश का मध्यम वर्ग अब गरीब हो गया है और गरीबों की स्थिति और खराब हो गयी है। देश में पिछले आठ वर्षों में गरीबों की संख्या तेजी से बढ़ने का दावा करने वाली एक खबर साझा करते हुए राहुल ने सरकार पर हमला बोला।
उन्होंने सवाल किया कि वे लोग कहां हैं जो कहा करते थे कि अच्छे दिन आने वाले हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक रिपोर्ट साझा की, उसमें दावा किया गया है कि 2020 में 7.6 करोड़ लोग गरीबी रेखा के नीचे चले गए हैं और गरीबों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने ट्वीट करते हुए पूछा कि जो पहले मध्यवर्ग में थे, अब गरीब हैं।
जो पहले गरीब थे, अब कुचले जा रहे हैं। कहां गए जो कहते थे अच्छे दिन आ रहे हैं? वहीं कांग्रेस ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर भी आरोप लगाया कि अच्छे दिन आने का इंतजार करते-करते लोग अपने बेहतरीन दिन गंवाते चले गए। गौरतलब है कि इससे पहले भी उन्होंने एक अन्य रिपोर्ट साझा करते हुए दावा किया था कि एलपीजी के दाम बढ़ने से लाखों परिवार चूल्हा फूंकने को मजबूर हैं।
उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा था कि विकास के जुमलों से कोसों दूर, लाखों परिवार चूल्हा फूंकने पर मजबूर। मोदी जी के विकास की गाड़ी रिवर्स गियर में है और ब्रेक भी फेल हैं।