उत्तराखंड, देहरादून : राहुल गांधी 16 दिसंबर को देहरादून से उत्तराखंड में कांग्रेस के अभियान की शुरुआत करेंगे। वे परेड ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां वे सीडीएस बिपिन रावत को श्रद्धांजलि भी देंगे।
इस रैली में बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
1971 में बांग्लादेश को आजाद करने में अहम भूमिका निभाने वाले भारतीय सेना के दिग्गजों, शहीदों की विधवाओं और अन्य जवानों का सम्मान किया जाएगा। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले आयोजित हो रही इस रैली को राहुल गांधी के राज्य में चुनावी बिगुल फूंकने के तौर पर माना जा रहा है। टिकट दावेदारों और कांग्रेस पदाधिकारियों को भीड़ जुटाने का टार्गेट दिया गया है।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी की देहरादून में होने वाली रैली में 1971 युद्ध में लड़ने वाले और सेना के अन्य दिग्गज शिरकत करेंगे । ये कार्यक्रम मई-जून में ही होनी थी, मगर कोरोना की दूसरी लहर के पीक पर पहुंचने के चलते इसे स्थगित करना पड़ा था। देहरादून में 16 दिसंबर को होने वाली कांग्रेस की रैली में भीड़ जुटाने की कवायद शुरू हो गई है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इसकी जिम्मेदारी प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट को सौंपी है। जिला और ब्लॉक स्तर के सभी पदाधिकारियों को रैली में आने वाले लोगों की लिस्ट सौंपने के लिए कहा गया है। इस रैली में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से टिकट के दावेदार भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर शक्ति प्रदर्शन करेंगे। टिकट दावेदारों को भी राहुल की रैली में भीड़ जुटाने का टार्गेट दिया गया है. जो नेता ज्यादा भीड़ जुटाएगा, दावेदारी में उसका नाम ऊपर पहुंच जाएगा।





