गोवा, पणजी : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा सांसद राहुल गांधी अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले 30 अक्टूबर को एक दिन के दौरे पर गोवा जाएंगे। कांग्रेस की गोवा इकाई के प्रमुख गिरीश चोडनकर ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राहुल गांधी इस यात्रा के दौरान वो पणजी के बम्बोलिम में एसपीएम स्टेडियम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक सम्मेलन को संबोधित करेंगे और पार्टी के अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। उधर पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार राहुल गांधी 30 अक्टूबर को सुबह 11 बजे यहां पहुंचेंगे और उसके बाद वह डोना पाउला में अंतरराष्ट्रीय केंद्र में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
राहुल की यात्रा महत्व रखती है क्योंकि कांग्रेस अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियों में जुटी है। इसे विधानसभा चुनाव प्रचार का आगाज माना जा रहा है। गौरतलब है कि साल 2017 के गोवा विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 40 सदस्यीय सदन में सबसे अधिक 17 सीटें जीती थीं, जबकि मुख्य प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 13 सीटों पर ही कामयाबी मिल सकी थी।
लेकिन भाजपा क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन कर सरकार बनाने में सफल रही थी। पिछले 5 सालों में कांग्रेस के 13 विधायक बीजेपी में जा चुके हैं।