असम, गुवाहाटी : न्यायमूर्ति रश्मिन मनहरभाई छाया ने आज गौहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। असम के राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी ने राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित एक संक्षिप्त समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा की उपस्थिति में उन्हें पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में असम विधान सभा के अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी, गौहाटी उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एन. कोटेश्वर सिंह, महाधिवक्ता देवजीत सैकिया, उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, कानूनी बिरादरी के सदस्य, मुख्य सचिव जिष्णु बरुवा, पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि उनका जन्म 12 जनवरी 1961 को गुजरात के वेरावल गुजरात में हुआ था। उन्होंने एलए शाह लॉ कॉलेज से कानून की पढ़ाई पूरी की है। उन्हें वर्ष 1984 में बार काउंसिल ऑफ गुजरात के साथ एक वकील के रूप में नामांकित किया गया। उन्होंने गुजरात में विभिन्न नगर निगमों के लिए पैनल में एडवोकेट के रूप में कार्य किया है। उन्हें दो साल की अवधि के लिए वर्ष 2001 में आयकर विभाग के एक वकील नियुक्त किया गया था। उन्हें वर्ष 2004 में अतिरिक्त केंद्र सरकार का वकील और वर्ष 2008 में यूनियन ऑफ इंडिया के लिए वरिष्ठ वकील नियुक्त किया गया था। उन्हें 17 फरवरी 2011 को गुजरात उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया और 28 जनवरी 2013 को स्थायी किया गया।
2 सितंबर 2021 को उन्हें गुजरात उच्च न्यायालय का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। उसके बाद उन्हें 23 जून को गौहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया।