असम, गुवाहाटी : शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में महाराष्ट्र के बागी विधायकों का एक समूह आज सुबह करीब 6:30 बजे चार्टर्ड विमान से गुवाहाटी पहुंचा। यहां उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच शहर के पांच सितारा होटल रेडिसन ब्लू में ठहराया गया है ले।
हवाई अड्डे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद पल्लव लोचन दास और विधायक सुशांत बरगोहाई ने इन बागी विधायकों का स्वागत किया। शिंदे ने पहले हवाई अड्डे के बाहर इंतजार कर रहे पत्रकारों से बात करने से इनकार कर दिया था, हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि उनके पास 40 विधायकों का समर्थन है। ये विधायक सूरत से यहां पहुंचे हैं और उन्हें असम राज्य परिवहन निगम (एएसटीसी) की तीन बसों में होटल ले जाया गया है।
गौरतलब है कि विधायकों की बगावत से महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार संकट में आ गयी है। भाजपा से जुड़े सूत्रों के अनुसार विधायकों को मुंबई से सूरत लाया गया और सुरक्षा कारणों के चलते उन्हें गुवाहाटी ले जाने का फैसला किया गया। ऐसा शायद पहली बार है कि पश्चिमी भारतीय राज्य के विधायकों को पार्टी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह के बाद किसी पूर्वोत्तर राज्य लाया गया है।उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के राजनीतिक उठापठक के बीच कल रात को अचानक एक बड़ी खबर सामने आई कि सूरत के जिस ली मेरिडियन होटल में शिवसेना के खिलाफ बगावत का बिगलु फूंकने वाले नेता एकनाथ शिंदे और उनके समर्थक विधायक को एयरलिफ्ट कर गुवाहाटी ले जाया जाएगा।
उन्हें आधी रात करीब साढ़े बारह बजे के बाद एअरलिफ्ट किया जाएगा। इन विधायकों को सूरत से गुवाहाटी लाने के लिए तीन चार्टर्ड प्लेन का इंतजाम किया गया है। शिंदे के साथ पार्टी के 34 विधायक और 7 निर्दलीय विधायक गुवाहाटी के लिए रवाना हुए थे।