असम, करीमगंज: असम के करीमगंज जिले के एक रेलवे स्टेशन से आज पंद्रह संदिग्ध अवैध रोहिंग्या प्रवासियों को पकड़ा गया। इसकी जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि कंचनजंगा एक्सप्रेस से न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने जब बदरपुर स्टेशन पर नियमित तलाशी के दौरान 15 संदिग्ध रोहिंग्या प्रवासियों को पकड़ा।
उन्हें उस वक्त दबोचा गया जब वे अगरतला की यात्रा के लिए बदरपुर-अगरतला एक्सप्रेस में सवार होने की योजना बना रहे थे। पूछताछ के दौरान पुलिस ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से आए थे और त्रिपुरा जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में छह पुरुष, तीन महिलाएं और छह बच्चे शामिल हैं। गौरतलब है कि पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में इससे पहले भी संदिग्ध रोहिंग्या प्रवासियों को पकड़ा जा चुका है।



