असम, गुवाहाटी: असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल आज नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। उनके दिल्ली रवाना होने से पिछले असम विधानसभा चुनाव के बाद से ही जारी सस्पेंस खत्म हो गया।
जब से मुख्यमंत्री की कुर्सी डॉ हिमंत विश्व शर्मा को सौंपी गई है तब से ही उनके भविष्य को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। नए राजनीतिक समीकरण बनने के बाद यह उनका पहला दिल्ली दौरा है। उनके वहां भारतीय जनता पार्टी भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक में भाग लेने की संभावना है।
बताया जाता है कि उन्हें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने बुलाया है। दिल्ली से बुलावा आने के बाद वे आज विस्तारा के हवाई जहाज के जरिए दिल्ली रवाना हुए हैं। वर्तमान असम सरकार के 1 माह से अधिक कार्यकाल पूरा होने के बावजूद भी सोनोवाल केवल विधायक ही बने रहे। ऐसे में लेकर यह चर्चा जोरों पर थी कि उनका भविष्य क्या होगा।
क्या उन्हें मोदी मंत्रिमंडल में स्थान दिया जाएगा या फिर संगठन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। पिछले एक पखवाड़े से जिस तरह से केंद्रीय मंत्रिमंडल में विस्तार की चर्चाएं तेज हुई थी उससे भी कयास लगाए जा रहे थे कि कई नेताओं को नई जिम्मेदारी मिल सकती है।
इनमें एक नाम सर्बानंद सोनोवाल का भी आ रहा था। अब नजरें पार्टी आलाकमान पर टिकी है। सब इंतजार कर रहे हैं कि उन्हें क्या जिम्मेदारी दी जाती है। उन्हें मंत्री बनाया जाता है या फिर संगठन का प्रभार सौंपा जाता है।