तमिलनाडु, चेन्नई: तमिलनाडु की सरकार ने नौवीं से 12वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए एक सितंबर से स्कूल खोलने का प्रस्ताव लिया है। सरकार ने राज्य में 16 अगस्त से मेडिकल कॉलेजों को भी फिर से खोलने की अनुमति दी है।
राज्य के मुख्यमंत्री एम. के़ स्टालिन ने राज्य में कोविड-19 के मामलों में मामूली बढ़ोतरी को देखते हुए स्थिति की समीक्षा करने के बाद यह निर्णय किया। मुख्यमंत्री ने बयान जारी कर कहा कि इससे समाज में शिक्षण में दूरियां भी पैदा हो रही हैं। साथ ही कई बच्चों की ऑनलाइन शिक्षा तक पहुंच नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न तबके के सुझावों पर विचार करते हुए प्रस्तावित किया गया है कि कोविड-19 की मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए नौवीं, दसवीं, 11वीं और 12वीं की कक्षाएं एक सितंबर से आधी क्षमता के साथ खोली जाएं।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग संस्थान और संबद्ध संस्थान 16 अगस्त से कामकाज शुरू कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इन संस्थानों के शिक्षकों एवं छात्रों को कोविड-19 का टीका लग चुका है।





