उत्तर प्रदेश, लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान तेज है। इसी बीच पार्टियां उम्मीदवारों की सूची जारी कर रही हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) ने 12 उम्मीदवारों की सूची जारी की। पार्टी ने रायबरेली से आरपी यादव को टिकट दिया है। चित्रकूट से अनिल प्रधान पटेल को, इलाहाबाद पश्चिम से अमरनाथ मौर्य को, इलाहाबाद दक्षिण से रईस चंद्र शुक्ला को टिकट दिया गया है।
गौरव रावत जैदपुर से, मोहम्मद रमजान को मटेरा से, इंद्राणी वर्मा को भिंगा से और मोहम्मद असलम रैनी को श्रावस्ती से मैदान में उतारा गया है। 12 उम्मीदवारों में से दो महिलाएं, एक ब्राह्मण, दो यादव और तीन मुस्लिम हैं। इससे पहले सपा ने चुनाव के लिए एक और सूची जारी की थी। इसमें हाल में ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को छोड़कर सपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्या को कुशीनगर के फाजिलनगर से उम्मीदवार बनाया गया है। मौर्य पहले पडरौना से विधायक थे।
पार्टी ने कौशांबी की सिराथू सीट से अपना दल (कमेरावादी) की पल्लवी पटेल को मैदान में उतारा है। यह हाट सीट सपा और अपना दल कमेरावादी के गठबंधन के खाते में गई है। यहां से उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भाजपा के टिकट से चुनावी मैदान में हैं। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में 7 चरणों में मतदान होगा, जिसमें 10 फरवरी, 14, 20, 23, 27, 3 मार्च और 7 मार्च को मतदान होगा। मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।