उत्तर प्रदेश, गाजीपुर : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गाजीपुर में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सिर्फ नाम बदल रही है। अगले विधानसभा चुनावों में सपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी। मौके पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर भी पहुंचे। जनसभा में भीड़ देख उन्होंने समर्थकों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया।
उन्होंने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर जनसभा में हुंकार भरते हुए कहा कि गाजीपुर की धरती वीरों की धरती है। इसीलिए आने वाले समय में अमन, चैन और सुख का परिवर्तन होने जा रहा है। 2022 में सपा की सरकार आएगी। इस गाजीपुर से लेकर उस गाजीपुर बॉर्डर तक भाजपा का सफाया हो जाएगा। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि जो एक्सप्रेस, वे भाजपा सरकार ने बनाया है, वह आधा-अधूरा है। उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेस-वे को बनाने का सपना सपा ने देखा था।
समाजवादियों ने सपना इसलिए देखा कि यहां से लेकर दिल्ली तक की दूरी कम हो जाए। साथ ही कहा कि यह एक्सप्रेस-वे दूरी ही कम नहीं करेगा बल्कि खुशहाली का एक्सप्रेस-वे होगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हर वर्ग के लोगों ने बदलाव का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि इस जनसभा में लाल, पीला, हरा, नीला, इंद्रधनुष की तरह रंग दिख रहे हैं। भाजपा की तरह एक रंग वाले कभी भी बदलाव नहीं ला सकते। समाजवादी का रंग सब लोगों को साथ लेकर चलने वाला रंग है।