नयी दिल्ली : भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी तपन कुमार डेका को खुफिया ब्यूरो (आईबी) का प्रमुख नियुक्त किया गया। वह अरविंद कुमार की जगह लेंगे, जिनका विस्तारित कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है। कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश के मुताबिक डेका फिलहाल आईबी की अभियान शाखा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वह दो साल के लिए आईबी के प्रमुख नियुक्त किये गये हैं। वह हिमाचल प्रदेश कैडर के 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।
वह मूल रूप से वह असम के रहने वाले हैं और कई अहम काम इनके जिम्मे है। पिछले दो दशक से वे आतंकवादियों और धार्मिक कट्टरपंथियों पर नजर रख रहे हैं। ऐसे असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर उनकी गहरी और पैनी नजर रहती है। उनके इनपुट्स कई आतंकी घटनाओं को नाकाम करने में काम आते रहे हैं।
तेजतर्रार आईपीएस अफसर के रूप में पहचान रखने वाले डेका कई अहम जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिद्दीन की कमर तोड़ने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। 2019 में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) विरोधी हिंसा के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें असम भेजा था। देश को दहला देने वाले 26/11 के आतंकी हमलों की जांच में भी शामिल रहे हैं।






