बिहार, पटना : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के संस्थापक लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की शादी पक्की हो गई है। वे जल्द ही विवाह के बंधन में बंधने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक तेजस्वी यादव की सगाई कल गुरुवार को दिल्ली में होने वाली है। इस पारिवारिक कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली में किया जा रहा है।
इस सगाई में पिता लालू प्रसाद यादव, मां राबड़ी देवी, मीसा भारती समेत उनके परिवार के सभी सदस्य शामिल होंगे। गौरतलब है कि तेजस्वी की शादी पिछले साल से ही कयास लग रहे थे। कई मौके पर तो पत्रकारों को उन्होंने अपनी शादी को लेकर दिलचस्प जवाब भी दिया है। हलांकि कई बार उन्होंने कहा था कि 2020 के चुनाव के बाद और पिता को जमानत मिलने के बाद ही शादी करेंगे।
गौरतलब है कि तेजप्रताप यादव की शादी के लंबे अंतराल के बाद अब लालू परिवार में फिर से रौनक दिखेगी। विश्वस्त सूत्रों ने विवाह की खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि यह अफवाह नहीं बल्कि सच्चाई है। हालांकि अभी तक तेजस्वी की होने वाली दुल्हनिया का नाम सामने नहीं आया है।






