नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 15वें सीजन का आयोजन भारत में ही होगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम में इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुझे पता है कि आप चेन्नई सुपर किंग्स को चेपॉक में खेलते हुए देखना चाहते हैं और ऐसा जल्दी ही होने वाला है। उन्होंने कहा आईपीएल के 15वें सीजन का आयोजन भारत में होगा और दो नई टीमों के जुड़ने से यह पहले से और रोमांचक होगा।
हमारे सामने मेगा ऑक्शन होने वाला है और ऐसे में नए समीकरण देखना दिलचस्प होगा। गौरतलब है कि आईपीएल 2021 के पहले चरण का आयोजन भारत में किया गया था, लेकिन कोरोना महामारी के बढ़ते मामले को देखते हुए इसे बीच में हो रोकना पड़ा और फिर बाद में सितंबर-अक्तूबर में यूएई में इसका आयोजन किया गया। इससे पहले आईपीएल 2020 का आयोजन भी यूएई में ही किया गया था। आईपीएल 2022 की तो लखनऊ और अहमदाबाद दो नई फ्रैंचाइज़ी होंगी, जो लीग से जुड़ेंगी। इसके साथ टी-20 लीग में टीमों की संख्या भी आठ से बढ़कर 10 हो जाएगी।





