कर्नाटका, बेंगलुरु: कर्नाटक में एक लंबे इंतजार के बाद आज से सभी धर्मस्थल खुल गए हैं। इसको लेकर भक्तों में व्यापक उत्साह है। हालांकि कोविड-19 प्रोटोकॉल को देखते हुए धार्मिक स्थलों पर केवल दर्शन या प्रार्थना की अनुमति होगी।
इस दौरान किसी तरह की सेवा अथवा प्रसाद बांटने की मनाही है। मंदिरों के खुलते ही भगवान के द्वार पर भक्तों का तांता लग गया। मंदिर के पुजारी ने बताया कि आज सुबह से द्वार भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिया गया है।
दर्शन के लिए आने वाले भक्तों के लिए मास्क पहनना और सामाजिक दूरी का अनुपालन करना अनिवार्य होगा। दरअसल कर्नाटक सरकार ने प्रदेश में अब धार्मिक स्थलों को खोलने और विवाह समारोह आयोजित करने जैसी कुछ अन्य गतिविधियों की अनुमति दे दी है। मंदिर के खुलने से इससे जुड़े व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।
उनका कहना है कि लॉकडाउन की वजह से उनका व्यवसाय बंद हो गया था, जिससे उनकी आर्थिक हालात बेहद खराब हो गए थे। अब उन्हें उम्मीद है कि उनके पुराने दिन शायद फिर वापस लौट आए।