राजस्थान जयपुर : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज जनप्रतिनिधि संकल्प महासम्मेलन में कहा कि आप सभी का उत्साह, उमंग और जोश देखकर मुझे विश्वास हो गया है कि वर्ष 2023 में दो तिहाई बहुमत के साथ राजस्थान में भाजपा सरकार बनेगी। जब भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी तब राजस्थान की वीर भूमि ने नरेंद्र मोदी को 25 में से 25 सीटें देने का काम किया। 2019 में जब भाजपा 300 पार गई तब भी 25 में से 23 सीटें देने का काम मेरे राजस्थान के लोगों, कार्यकर्ताओं ने किया। उन्होंने कहा कि मैं राजस्थान की जनता से आह्वान करने आया हूं कि यहां की निकम्मी और भ्रष्टाचारी अशोक गहलोत सरकार को मूल समेत उखाड़कर फेक देना है ।
और भाजपा के कमल के निशान वाली सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि इंदिरा जी ने 70 के दशक में गरीबी हटाओ का नारा दिया था। जब 2014 में मोदी जी आए तब भी करोड़ों गरीबों के लिए घर, बिजली नहीं थी, गरीबों के पास शौचालय की व्यवस्था नहीं थी। कांग्रेस के नेता सुन लें, आपने गरीबी हटाने की जगह, गरीब हटाओ का काम किया था। अशोक गहलोत पर हमला करते हुए कहा कि मोदी जी ने पूरे देश के अंदर पेट्रोल-डीज़ल के टैक्स घटाए लेकिन राजस्थान एक ऐसा राज्य है, जहां के मुख्यमंत्री को तिजोरी बहुत प्रिय है।
जहां-जहां भाजपा की सरकारें हैं उन्होंने वैट के अंदर कटौती की है, आप अभी भी समझ जाओ पेट्रोल के दाम घटा दो वरना जनता राह देखकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि पूरे राजस्थान में कानून व्यवस्था की व्याख्या ही बदल गई है। राजस्थान की गहलोत सरकार पूरी भ्रष्ट सरकार है। ज्ञात हो कि इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने आज पाकिस्तान सीमा से सटे राजस्थान के जैसलमेर में बीएसएफ के 57वें स्थापना दिवस समारोह में संबोधित किया था। शाह ने परेड की सलामी ली थी। परेड में पहली बार बीएसएफ का महिला दस्ता शामिल हुआ। परेड में ऊंट सवार दस्ता भी शामिल हुआ। बांग्लादेश बार्डर गार्ड के चीफ मेजर जनरल शफीनुल इस्लाम भी इस मौके पर मौजूद थे।






