नई दिल्ली : देश में कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। रविवार को ओमिक्रॉन वेरिएंट के 17 और नए मामले मिले हैं। इनमें सबसे ज्यादा जयपुर में 9 मामले सामने आए और दिल्ली में इस वेरिएंट का पहला मामला दर्ज हुआ है। वहीं महाराष्ट्र में 7 और नए मामले मिलने के बाद यहां कुल संख्या 8 हो गई है। इससे पहले कर्नाटक में ओमिक्रॉन के 2 मामले मिले थे और गुजरात में 1।
इस बीच ओमिक्रॉन वेरिएंट की बढ़ती दहशत के बीच अमेरिका और ब्रिटेन ने विदेशों से आने वाले यात्रियों के लिए कोविड-19 टेस्टिंग नियम सख्त करते हुए इस सूची में भारत को भी डाल दिया है। राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार को एक ही परिवार में ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित 9 लोग मिले हैं। इस फैमिली की यात्रा इतिहास दक्षिण अफ्रीका से संबंधित है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने इसकी पुष्टि की है।
संक्रमित पाए गए लोगों में से 4 दक्षिण अफ्रीका से लौटे थे। अन्य 5 इनके संपर्क में थे। सभी का इलाज जारी है। सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। देश में कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट ने जहां एक ओर चिंता बढ़ाई हुई है, वहीं देश के स्कूल-कॉलेजों में कोरोना वायरस संक्रमण से विद्यार्थियों के संक्रमित होने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब तेलंगाना के बोम्मकल में स्थित चालमेडा आनंदराव इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के 43 विद्यार्थी कोरोना संक्रमित मिले हैं। यह जानकारी करीमनगर के जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने दी है।






