उत्तराखंड देहरादून उत्तराखंड में 22 मार्च होने वाला नई सरकार का शपथ ग्रहण कार्यक्रम किसी बड़े समारोह की तरह आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय नेताओं के अलावा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों भी शामिल होंगे। इसके अलावा शपथ ग्रहण कार्यक्रम का राज्य के सारे जिलों और मंडलों में एलईडी पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके लिए पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे। इस पूरे आयोजन की जिम्मेदारी जिला व मंडल इकाइयों के पदाधिकारी, स्थानीय नेता को दी जाएगी।
गौरतलब है कि चुनाव में भाजपा को इस बार 70 में से 47 सीटों पर जीत मिली है। जबकि कांग्रेस 19 सीटों पर सिमट गयी है। वहीं बहुजन समाज पार्टी बसपा को दो सीट तो दो पर निर्दलीय विजय हो गए हैं। हालांकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खटीमा से चुनाव हारने के बाद नये मुख्यमंत्री को लेकर कयासों का दौर जारी है। इस रेस में धामी के अलावा धन सिंह रावत और सतपाल महाराज के नाम बताए जा रहे हैं।
हालांकि धामी को फिर से मुख्यमंत्री बनाने के लिए बीजेपी के अब तक पांच विधायक उनके लिए अपनी सीट छोड़ने का ऐलान कर चुके हैं, जिनमें चंपावत के विधायक कैलाश गहतोड़ी, जागेश्वर के मोहन सिंह मेहरा, लालकुंआ के डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, रूड़की के प्रदीप बत्रा और खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के नाम शामिल हैं। इस बीच भाजपा के राज्य मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने उत्तराखंड के सभी भाजपा विधायकों को 20 मार्च को देहरादून पहुंचने के लिए कहा है। उत्तराखंड के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी दल ने लगातार दो चुनाव जीतकर बहुमत हासिल किया है। इससे पहले पांच साल बाद सरकार बदलने की परंपरा रही है। हालांकि मुख्यमंत्री के चुनाव हारने का सिलसिला नहीं टूटा है। इस बार मुख्यमंत्री धामी को खटीमा से हार का सामना करना पड़ा है।