महाराष्ट्र, मुंबई : स्वर कोकिला लता मंगेशकर को वेंटिलेटर से हटा दिया गया है, लेकिन वह अभी भी आईसीयू में हैं। उनकी कोरोना रिपोर्ट भी निगेटिव पाई गई है। यह जानकारी चिकित्सकों की ओर से दी गई है।गौरतलब है कि 92 वर्षीय गायिका ने हल्के लक्षणों के साथ कोरोनावायरस के लिए सकारात्मक परीक्षण किया था। जिसके बाद 8 जनवरी को उन्हें दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उनका इलाज डॉ. प्रतीत समदानी और उनकी टीम द्वारा किया जा रहा है।
डॉ.समदानी के मुताबिक मंगेशकर ने मामूली सुधार के संकेत दिए हैं। डॉ.समदानी ने बताया कि वह ढाई दिनों से वेंटिलेटर से बाहर है, लेकिन अभी भी निगरानी में है। स्वास्थ्य में मामूली सुधार के कारण उन्हें वेंटिलेटर से हटा दिया गया है। हालांकि उन्हें अभी भी आईसीयू में रखा जाएगा। उनकी बहन एवं गायिका आशा भोसले ने बताया था कि मुंबई में लता मंगेशकर के घर पर विशेष पूजा का आयोजन किया गया है।
दीदी के जल्दी ठीक होने के लिए उनके घर पर शिव भगवान के रुद्र रूप की स्थापना की गई है। गौरतलब है कि लता ने 1942 में 13 साल की उम्र में अपना करियर शुरू किया और विभिन्न भारतीय भाषाओं में 30 हजार से ज्यादा गाने गाए हैं। अपने सात दशक से अधिक के करियर में उन्होंने अजीब दास्तान है ये, प्यार किया तो डरना क्या, नीला आसमां सो गया और तेरे लिए.. जैसे कई यादगार गानों को अपनी आवाज दी है।