महाराष्ट्र, मुंबई : महाराष्ट्र की राजनीति में अब दोस्त दुश्मन की जगह रिश्तेदार बना रहे हैं। शिवसेना और भाजपा के नेता अपनी पुरानी राजनीतिक दुश्मनी को भूलाकर रिश्तेदारी में बदलने जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक भाजपा नेता हर्षवर्धन पाटिल की बेटी अंकिता पाटिल अब ठाकरे परिवार की बहू बनने जा रही हैं। उनकी शादी शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के दिवंगत बेटे बिंदु माधव ठाकरे के बेटे निहार ठाकरे से होने जा रही है।
निहार वकील के रूप में मुंबई में ही काम करते हैं तो अंकिता पाटिल पुणे जिला परिषद सदस्य हैं और इंडियन शुगर मिल्स एसोसएशन की निदेशक भी हैं।अंकिता पाटिल से शादी रचाने जा रहे निहार ठाकरे मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के सगे भतीजे हैं तो वहीं मनसे प्रमुख राज ठाकरे उनके चचेरे चाचा हैं। हर्षवर्धन पाटिल ने राज ठाकरे को भी दोनों की शादी का न्योता भेजा है।
अंकिता और निहार 28 दिसंबर को मुंबई के ताज होटल में विवाह बंधन में बंधेगे। गौरतलब है कि फिलहाल महाराष्ट्र के ज्यादातर राजनीतिक परिवारों में शादी का दौर चल रहा है। ठाकरे परिवार में 28 दिसंबर को शादी है तो इसके अलावा शिवसेना नेता संजय राऊत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, मंत्री गुलाबराव पाटिल, जितेंद्र आव्हाड के घर में भी शादी की तैयारियां चल रही हैं।