अरुणाचल प्रदेश, ईटानगर : असम राइफल्स के साथ हुई एक भिड़ंत में उग्रवादी संगठन एनएससीएन के खापलांग घड़े के तीन उग्रवादियों को असम राइफल्स में ढेर कर दिया। यह मुठभेड़ आज अरुणाचल प्रदेश के लांगडिंग इलाके में हुई थी। बताया जाता है कि उग्रवादी अपहरण करने के इरादे से इलाके में आए थे।
असम राइफल्स के द्वारा चुनौती दिए जाने के बाद उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। मिली जानकारी के अनुसार असम राइफल्स के जवानों और उग्रवादियों के बीच घनघोर संघर्ष हुआ, जिसमें तीन उग्रवादी खेत रहे। यह घटना दक्षिणी अरुणाचल प्रदेश के वाका राजस्व सर्किल के लांगडिंग इलाके की है। फिलहाल उग्रवादियों की धरपकड़ के लिए इलाके में जबर्दस्त अभियान चल रहा है।
गौरतलब है कि मणिपुर के चुराचांदपुर में शनिवार को हुए हमले में भारतीय सेना के एक कर्नल, उनकी पत्नी और 8 साल का बेटा और असम राइफल्स के चार जवान शहीद हो गए थे। कर्नल विप्लव त्रिपाठी 46वीं असम राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर थे। अधिकारियों ने बताया कि देहेंग क्षेत्र से करीब 3 किलोमीटर दूर घात लगाकर किए गए इस हमले में 4 अन्य लोग घायल हो गए थे।