असम, गुवाहाटी : असम राइफल्स ने एक अभियान चलाकर पड़ोसी राज्य नगालैंड के मोन जिले में भारत- म्यांमार सीमा के पास असम के तीन युवकों को हिरासत में लिया है। बताया जाता है कि ये सीमा पार कर अल्फा स्वाधीन ज्वाइन करने जा रहे थे। पकड़े गए युवकों की शिनाख्त विकास डेका, अरिंदम बोरा और हिमंत नेउग के रूप में हुई है।
उल्लेखनीय है कि एक तरफ अल्फा स्वाधीन भारत सरकार के साथ बातचीत का माहौल तैयार करने के लिए एकतरफा युद्धविराम की घोषणा कर रहा है और दूसरी ओर उसने नए रंगरूटों की भर्ती का अभियान भी छेड़ा हुआ है। पिछले दिनों ऊपरी असम की तीन युवतियों के अल्फा स्वाधीन में जाने के समाचार मिले थे। बहरहाल, पकड़े गए तीनों युवकों को असम राइफल्स ने अपने कैंप में रखा है और उनसे पूछताछ जारी है। उन्हें आज असम पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा।





