असम, पाथरखंडी : असम के पाथरखंडी के बैतखाल में आज सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां ट्रक और ऑटोरिक्शा में जबरदस्त टक्कर हो गई। इस टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन नाबालिग भी शामिल है।
बताया जाता है कि ऑटो पर सवार लोग छठ पूजा से वापस लौट रहे थे। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि इसमें ऑटोरिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस और प्रशासन ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह हादसा आज सुबह करीमगंज में राष्ट्रीय राजमार्ग 8 पर हुआ। यह जिला असम-त्रिपुरा बॉर्डर पर स्थित है।
मृतक छठ पूजा करके ऑटो रिक्शा (नंबर एएस 01एसी-782) से लौट रहे थे। तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लग गया। खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने इस हादसे पर दुख जताया है।
उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि वे मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हैं और घायलों को जल्द स्वस्थ होने की कामना भी करते हैं। कहते हैं वीर असम पुलिस ट्रक के ड्राइवर की तलाश में जुटी है, जो ऑटो को टक्कर मारने के बाद भाग गया था। इस बीच राज्य सरकार ने सभी मृतकों के परिजनों को एक एक लाख रुपए देने की घोषणा की है। सरकार ने घायलों को भी हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।