जम्मू कश्मीर, जम्मू : पुलवामा के कस्बायार इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच जारी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों को मार गिराया गया है। आइजी कश्मीर विजय कुमार ने दोनों आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि मारे गए आतंकियों में जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन का कमांडर यासिर परे जबकि दूसरा पाकिस्तानी आतंकी फरकान शामिल था।
उन्होंनेकहा कि इन दोनों कुख्यात आतंकियों की तलाश काफी समय से की जा रही थी। उनके मुताबिक यासिर आइईडी विशेषज्ञ था और उसने कश्मीर में वारदातों को अंजाम देने के लिए कई बार आइईडी बनाई है। उसके मरने से कश्मीर में सक्रिय जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन को काफी नुकसान पहुंचा है। गौरतलब है कि पुलिस को आज सुबह जिला पुलवामा के राजपोरा इलाके के कस्बायार मुहल्ले में दो आतंकवादियों के देखे जाने की सूचना मिली थी।
सुरक्षाबलों ने वहां पहुंचकर घेराबंदी के बाद आतंकवादियों की तलाश शुरू कर दी। जैसे ही सुरक्षाकर्मी उस ठिकाने के नजदीक पहुंचे, जहां आतंकी छिपे हुए थे, वहां से उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने पहले तो आतंकवादियों को हथियार डालने के लिए कहा परंतु जब वे नहीं माने तो उन्होंने भी जवाब में गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
इससे पहले आसपास रह रहे आम लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचा दिया। बार-बार कहने पर भी जब आतंकवादियों ने हथियार नहीं डाले तो भारी हथियारों का इस्तेमाल करते हुए सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकवादियों को वहीं ढेर कर दिया।






