उत्तर प्रदेश, लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के मद्देनजर नेताओं का दल-बदल पूरे उफान पर है। गाजीपुर की सैदपुर विधानसभा सीट से दो बार के विधायक सुभाष पासी अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल गये। प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विद्यासागर सोनकर को हराया था। गाजीपुर जिले के सैदपुर से लगातार दो बार विधायक सुभाष पासी के भाजपा में शामिल होने से पहले समाजवादी पार्टी सपा ने उन्हें निष्कासित कर दिया। पिछले दिनों ही सपा ने भाजपा विधायक राकेश राठौर को पार्टी में शामिल करवाया तो अब भाजपा ने दो बार के सपा विधायक सुभाष पासी को अपने पाले में कर लिया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही सपा ने सुभाष पासी की पत्नी को सपा महिला सभा का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया था। इससे पहले सुभाष पासी ने गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाक़ात की थी।






