नई दिल्ली : संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2021 की तारीखों का एलान कर दिया है। आधिकारिक वेबसाइट पर उल्लेख है कि सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा अगले साल 7 जनवरी से लेकर 16 जनवरी के बीच आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा दो सत्रों में सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 2 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा की समय सीमा 3 घंटे की होगी। आधिकारिक बयान में कहा गया है जिन अभ्यार्थियों ने प्रारंभिक परीक्षा 2021 में सफलता पाई है, उन्हें इस परीक्षा में बैठने का अवसर मिलेगा। अभ्यार्थी यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर इन तारीखों को देख सकते हैं।
इसके लिए प्रवेश पत्र भी जल्द ही जारी किया जाएगा। बयान में कहा गया है कि अभ्यार्थी अधिक जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाकर रखें। परीक्षाएं लिखित रूप में होगी। मुख्य परीक्षा के बाद आयोग साक्षात्कार का आयोजन करेगा, जिसमें मुख्य परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले अभ्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे।
इस प्रक्रिया के बाद अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में मिले अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। इस के आधार पर सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाएगी। गौरतलब है कि परीक्षा के माध्यम से 712 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।






